लखनऊ। पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-10 स्थित गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड कंपनी की एचआर हेमलता कोटवानी ने सेल्स ऑफिसर पर 6.54 लाख के गबन का आरोप लगाया है। पीजीआई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
हेमलता के मुताबिक कंपनी में पशु आहार बनाकर बेचा जाता है। 15 फरवरी 2024 से कंपनी में कुशीनगर निवासी आदित्य राज तिवारी सेल्स ऑफिसर के पद पर है। उसका काम कुशीनगर के ग्राहकों से माल के भुगतान की रकम लेकर कंपनी के खाते में जमा करना है। पिछले कुछ माह से उसने ग्राहकों से रकम लेकर कंपनी के खाते में जमा नहीं किया। कंपनी ने पड़ताल की तो पता चला कि आरोपी ने पांच ग्राहकों से माल के 6.54 लाख रुपये लिए हैं। पूछताछ के लिए जब उसे बुलाया गया तो वह भाग निकला। इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक कंपनी से आरोपी आदित्य से संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। तफ्तीश चल रही है।