कमरे में फंदे पर लटका मिला विधि छात्र का शव
लखनऊ। जानकीपुरम के मुस्लिमनगर में रहने वाले प्रियांशु शुक्ला (25) का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। प्रियांशु दुबग्गा स्थित एक निजी कॉलेज में लाॅ फाइनल ईयर के छात्र थे। पुलिस के मुताबिक छात्र की आत्महत्या का कारण नहीं पता चल सका है। सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस इस बारे में पता लगाएगी कि छात्र की आखिरी बार किससे बात हुई थी। परिजनों का कहना है कि कुछ दिनों से प्रियांशु अवसाद में थे। लखीमपुर खीरी के हाथीपुर उत्तरी के रहने वाले प्रियांशु यहां अजीत के मकान में किराये पर रहते थे। पुलिस का कहना है कि बुधवार दोपहर में प्रियांशु की बहन पल्लवी ने भाई को कॉल की तो फोन बंद मिला। पल्लवी ने फिर प्रियांशु के दोस्त को कॉल कर भाई के कमरे में जाकर देखने को कहा। दोस्त ने प्रियांशु के पड़ोसी को सूचना दी। पड़ोसी ने प्रियांशु को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजे को धक्का देकर वह भीतर गए तो प्रियांशु का शव फंदे पर लटका मिला।
आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं, पुलिस ने जब्त किया फोन
पुलिस के आने के बाद शव फंदे से उतारा गया। पुलिस ने प्रियांशु का फोन जब्त कर लिया है। मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। परिजनों का कहना है कि प्रियांशु किसी बात को लेकर काफी डिप्रेशन में था। वह गुमसुम रहता था और किसी से ज्यादा बात नहीं कर रहा था। प्रियांशु के पिता सत्य प्रकाश शुक्ला किसान हैं। परिवार में तीन भाई और एक बहन है।