लखनऊ। तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को खराब आलू-पराठा व बासी कटलेट परोसा गया। सेब का जूस भी खराब था। नाराज यात्रियों ने रेलवे से शिकायत की। चार दिन पहले भी तेजस में यात्रियों को बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत सामने आ चुकी है।
बृहस्पतिवार को मोहित अपने परिजन व दोस्तों के साथ तेजस की चेयरकार बोगी सी-5 में सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में जो नाश्ता परोसा गया, वह खाने लायक नहीं था। उन्होंने रेलवे से सोशल मीडिया अकाउंट पर शिकायत दर्ज कराई कि आलू पराठा खराब था। कटलेट बासी था, ब्रेड सूखी व कड़ी थी तथा सेब का जूस भी अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा कि ट्रेन में नाश्ते व खाने का झंझट खत्म करके टिकट को कुछ सस्ता कर राहत देनी चाहिए।
चार दिन पहले परोसा था बासी समोसा
पिछले सप्ताह शनिवार को नई दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आने वाली तेजस के यात्री अनिल सिंह ने बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत की थी। उनकी शिकायत पर सुनवाई तक नहीं हुई थी। इतना ही नहीं, ट्रेन में मच्छरों ने भी यात्रियों का बैठना मुहाल कर दिया था।
कभी सेवा सत्कार थी पहचान...
देश की पहली कारपोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस वर्ष 2019 में शुरू हुई थी। यात्रियों के सेवा-सत्कार से यह ट्रेन सबकी पसंदीदा बन गई थी। शुरूआत में 150 तेजस ट्रेनें चलाने की योजना थी, लेकिन वंदे भारत के आने पर इसे ड्रॉप कर दिया गया। ट्रेन का संचालन खुद आईआरसीटीसी करती है। इसके बावजूद ट्रेन में खान-पान को लेकर शिकायतों का अंबार लग रहा है।
तेजस में जूस अच्छे ब्रांड का दिया जाता है। खानपान की शिकायतों के निस्तारण के लिए कैटरिंग ठेकेदार को चेतावनी दी गई है। खान-पान के चीजों की गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी।
-अजीत कुमार सिन्हा, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक, आईआरसीटीसी