प्रदेश के आईएएस अधिकारियों की पदोन्नति के लिए बृहस्पतिवार को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हुई। इसमें सचिव से प्रमुख सचिव, विशेष सचिव से सचिव पद के साथ विभिन्न वेतनमान में कार्यरत अधिकारियों की पदोन्नति की संस्तुति की गई।
विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में लोकभवन में हुई। इसमें राजस्व परिषद के चेयरमैन दीपक त्रिवेदी, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण बतौर सदस्य शामिल हुए। समिति ने परिवहन आयुक्त धीरज साहू सहित 1996 बैच के आईएएस अधिकारियों को सचिव एवं आयुक्त स्तर से प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति की संस्तुति की। विशेष सचिव मुख्यमंत्री सुरेंद्र सिंह सहित 2005 बैच के आईएएस अधिकरियों को सचिव पद पर पदोन्नति की सिफारिश की गई है। 2008 बैच के अधिकारियों को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड से सेलेक्शन ग्रेड पर पदोन्नति की संस्तुति है।
जानकारी के मुताबिक 2017 बैच के अधिकारियों को सीनियर टाइम स्केल मिलना है। इनकी पदोन्नति पर विचार 28 दिसंबर को होगा। 2012 बैच के अधिकारियों की पदोन्नति सीनियर टाइम स्केल से जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड में होनी है। इनकी पदोन्नति के लिए डीपीसी की जरूरत नहीं होती है। मुख्यमंत्री की सहमति लेकर इन्हें अगले ग्रेड में पदोन्नत किया जाएगा। डीपीसी की संस्तुतियों पर मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद एक जनवरी, 2021 को पदोन्नति आदेश एक साथ जारी किए जाने की संभावना है। करीब सवा सौ आईएएस अधिकारियों की पदोन्नति की संभावना है।
इन अधिकारियों की पदोन्नति की संस्तुति
ये बनेंगे प्रमुख सचिव
1996 बैच: धीरज साहू, नीतीश्वर कुमार, अनिता सी मेश्राम, अनिल गर्ग, एम. देवराज, सुभाष चंद्र शर्मा, वी. हेकाली झिमोमी।
ये बनेंगे सचिव
2005 बैच : सुरेंद्र सिंह, कंचन वर्मा, डॉ. लोकेश एम., गोविंद राजू एनएस, जी. श्रीनिवासुलु, जितेंद्र बहादुर सिंह, नरेंद्र सिंह पटेल, राकेश कुमार सिंह, दिनेश कुमार सिंह, शमीम अहमद खान, नरेंद्र शंकर पांडेय, दिग्विजय सिंह, डा. अजय शंकर पांडेय, योगेश्वर राम मिश्रा।
इन्हें सेलेक्शन ग्रेड की संस्तुति
2008 बैच : किंजल सिंह, सौम्या अग्रवाल, डॉ सरोज कुमार, के. विजयेंद्र पांडियन, पवन कुमार, कुमार रविकांत सिंह, डॉ. काजल, अमृत त्रिपाठी, बी. चंद्रकला, अनिल धींगरा, राजेश कुमार-प्रथम, विद्या भूषण, बालकृष्ण त्रिपाठी, भावना श्रीवास्तव, चंद्र भूषण सिंह, डॉ. सर्वज्ञ राम मिश्र, सहदेव, विमल कुमार दुबे, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, सुखलाल भारती, छोटे लाल पासी, वेदपति मिश्रा, राधेश्याम मिश्रा व अखिलेश सिंह।