लखनऊ। सराफ की दुकान से 700 ग्राम सोना लेकर भागे कारीगर अनिल चौधरी व उसके साथी को चौक पुलिस ने मंगलवार शाम पकड़ लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि चौक में बान वाली गली निवासी धर्मेंद्र का वहीं पर जेवर का कारखाना है। वजीरगंज चौधरी गढ़इया का अनिल तीन वर्षों से उनकी दुकान पर काम कर रहा है। चार अगस्त की सुबह 11 बजे अनिल कारखाना पहुंचे और उसे 700 ग्राम सोना जेवर बनाने के लिए दिया। दोपहर दो बजे सभी लोग खाना खाने चले गए। कुछ देर बाद अनिल को छोड़ सभी लौट आए।
सराफ ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो अनिल एक डिब्बे में सोना रखकर कारखाने से जाते दिखा। धर्मेंद्र व अन्य कर्मचारी अनिल के घर पहुंचे तो वहां ताला मिला।
इसके बाद धर्मेंद्र ने अनिल के खिलाफ केस दर्ज कराया। डीसीपी ने बताया कि फुटेज व सर्विलांस की मदद से अनिल व उसके साथी को पकड़ा गया। इनके साथियों की तलाश में पुलिस लगी है।