लखनऊ। नाला सफाई के दौरान करीब आठ माह पहले केसरी खेड़ा वार्ड के सूर्यनगर में तोड़ी गई नाले की पुलिया न बनाए जाने के विरोध में सोमवार को वार्ड के पार्षद ने निवासियों के साथ नगर निगम के जोनल अभियंता का घेराव किया। आश्वासन मिलने के बाद पार्षद ने घेराव समाप्त कर दिया।
क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र सिंह जीतू ने बताया कि पुलिया तोड़ते समय नगर निगम के इंजीनियर ने कहा था कि सफाई होने के बाद दोबारा निर्माण करा दिया जाएगा। निर्माण न होने से सूर्यनगर की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। राहगीर आए दिन चोटिल हो रहे हैं।
विज्ञापन
नगर निगम सदन में चार माह पहले प्रश्न पूछा गया तो यह बताया कि पुलिया बनाने के लिए 8.02 लाख रुपये की फाइल बन गई है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा, लेकिन काम नहीं शुरू हुआ।
जेानल अभियंता राजीव शर्मा ने कहा, वह मुख्य अभियंता से बात करके काम शुरू कराएंगे। उधर, पार्षद का कहना है कि अगर एक सप्ताह के अंदर काम नहीं शुरू हुआ तो फिर जोनल अभियंता कार्यालय पर धरना देंगे।