लखनऊ। विकासनगर में गत 12 मार्च को पिटाई से हुई फास्ट फूड विक्रेता हरीश चंद्र की मौत के मामले में मुख्य गवाह बेहटा निवासी सुमित मौर्या ने जेल से जमानत पर छूटे गैर इरादतन हत्या के आरोपियों चांद बाबू, पुनीत कश्यप व उनके सात अज्ञात साथियों पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया है। विकासनगर पुलिस ने मामले में शनिवार को दोनों आरोपियों सहित नौ लोगाें के खिलाफ धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
सुमित के मुताबिक, 12 मार्च 2025 को विकासनगर स्थित घरौंदा कॉम्प्लेक्स के पीछे रहने वाले दोस्त शंकर लाल कश्यप के बेटे हरीश चंद्र कश्यप की उनके चचेरे भाई पुनीत कश्यप और चांद बाबू ने पिटाई कर दी थी। घटना में हरीश चंद्र की मौत हो गई थी। हरीश के पिता ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। मामले में सुमित मुख्य गवाह हैं, जिनकी पैरवी से पुनीत और चांद बाबू को पुलिस ने जेल भेजा था। सुमित का आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद से आरोपी उन्हें हत्या की धमकी दे रहे हैं। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।