लखनऊ। काकोरी में प्रॉपर्टी डीलर अंकित राजपूत (28) की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी टाऊवा उर्फ सरवन को उन्नाव से पकड़ा है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
बेहटा गांव में 19 फरवरी को देर रात मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के बहनोई रामू ने सुमित कनौजिया, अखिलेश यादव, गोलू यादव और टाऊवा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। सूत्र बताते हैं कि शनिवार को पुलिस ने नामजद टाऊवा को उन्नाव से पकड़ लिया। फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अंकित की हत्या के मामले में जांच में एक किसान नेता का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है। किसान नेता के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी गोलू यादव की साइट पर चला बुलडोजर
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में नामजद आरोपी गोलू यादव के खिलाफ शनिवार को एलडीए ने भी कार्रवाई की है। जोन-3 के जेई राम चौहान ने बताया कि बेहटा नारायणपुर हाईवे किनारे बनी गोलू यादव की साइट पर अवैध रूप से बनी बाउंड्री को गिरा दिया गया।