शिक्षक पात्रता परीक्षा में आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि सोमवार शाम को 6 बजे समाप्त हो गई।
टीईटी में शामिल होने के लिए 8,56,618 लोगों ने आवेदन किए हैं। इसमें प्राथमिक के लिए 1,66,558, प्राथमिक भाषा के लिए 22,253, उच्च प्राइमरी के लिए 5,43,567 तथा उच्च प्राइमरी भाषा के लिए 1,24,231 ने आवेदन किए हैं। टीईटी में
त्रुटिपूर्ण आवेदन करने वालों को मंगलवार से 6 फरवरी की शाम 6 बजे तक संशोधन का मौका दिया गया है।इलाहाबाद कार्यालय के मुताबिक सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी नीना श्रीवास्तव ने कहा है कि संशोधन के लिए वेबसाइट खुली रहेगी।
अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर, बैंक चालान संख्या तथा जन्म तिथि लिखकर अपने ऑनलाइन आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व भूतपूर्व सैनिक के आवेदक अपनी श्रेणी में आपस में बदलाव कर सकते हैं।
अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, माता का नाम, पति का नाम, जन्म तिथि, पता, टेलीफोन-मोबाइल नंबर, लिंग, आवेदित स्तर, विषय वर्ग, भाषा द्वितीय, प्रशिक्षण योग्यता, फोटो पहचान पत्र के प्रकार में संशोधन किया जा सकेगा।
संशोधित अभिलेख की कापी अभ्यर्थी 8 फरवरी तक संबंधित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में जमा कर सकेंगे।