लोकबंधु अस्पताल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से डॉक्टरों की गवाही शुरू हो गई है। ऐसे में अब उन्हें इसके लिए सीएमओ ऑफिस तक नहीं जाना पड़ेगा।
ई-कोर्ट की सहूलियत वाला लोकबंधु राजधानी का पहला सरकारी अस्पताल है। सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से गवाही दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि डॉक्टरों को विभिन्न जिलों में जाकर कोर्ट में गवाही देनी पड़ती थी। इसमें कई दिन का समय लग जाता था। इस दौरान डॉक्टर न रहने से मरीज भी परेशान होते थे।
अभी तक यह थी व्यवस्था
जिलेभर के डॉक्टर कोर्ट एविडेंस आने पर गवाही देने के लिए सीएमओ ऑफिस में बने ई कोर्ट रूम जाते हैं। शासन के निर्देश पर यहां बनाए गए ई-कोर्ट में कंप्यूटर व अन्य जरूरी उपकरण लगाए गए हैं। इस कोर्ट रूम से अब तक 20 से अधिक डॉक्टरों की गवाही हो चुकी है। इस दौरान उनकी ओपीडी-ओटी प्रभावित होती है। ऐसे में अब लोकबंधु अस्पताल के डॉक्टरों को सहूलियत होगी। सीएमओ डॉ एनबी सिंह के मुताबिक सभी अस्पताल प्रभारी अपने यहां ई कोर्ट की सुविधा शुरू करवा सकते हैं। इसके लिए एक कमरा व संसाधनों की जरूरत होगी।