सरोजनीनगर। बंथरा क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार टेंपो डाला अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार दंपती व उनकी 10 वर्षीय बेटी डाला के नीचे दबने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डाला और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
उन्नाव जिले के हसनगंज के समदपुर जसमड़ा निवासी डीसीएम चालक मोहर्रम अली (45), पत्नी किस्मतुन्निशा (40) और बेटी सुमायरा (10) के साथ बाइक से सोमवार को घर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे बंथरा के बनी-मोहान रोड स्थित लतीफनगर के पास सामने से आ रहा गेहूं की बोरियों से लदा टेंपो डाला अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार मोहर्रम अली, किस्मतुन्निशा व सुमायरा उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में देरी होते देख लतीफनगर के प्रधान प्रतिनिधि तरुण शुक्ला ने अपनी कार से तीनों को कटी बगिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद लोगों ने डाला चालक बंथरा के ही रहीमनगर पड़ियाना निवासी प्रमोद साहू को पकड़कर डाला सहित पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि डाला और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।