लखनऊ। जानकीपुरम में भिठौली क्रॉसिंग के पास शुक्रवार देर शाम नशे में ठाकुरगंज निवासी टेंपो चालक फुरकान (22) ट्रेन के आगे कूद गया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। फुरकान के भाई ने पुलिस से उसके दोस्तों से पूछताछ करने की मांग की है।
इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि बालागंज लाल मस्जिद के पास के रहने वाले फुरकान (22) टेंपो चलाते थे। भाई मिराज ने बताया कि फुरकान की एक वर्ष पहले आलमबाग निवासी रुखसार से शादी हुई थी। 20 दिन पूर्व फुरकान मुंबई घूमने गया था। 13 जनवरी को वह वापस आया था। शुक्रवार सुबह काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन शाम तक नहीं लौटा। मड़ियांव के भिठौली निवासी उनकी बुआ रेहाना को रात में लगभग 9:30 बजे परिचित ने फुरकान के ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी करने की सूचना दी। फुरकान का मोबाइल पूरी तरीके से टूट गया था। उन्होंने उनके साथ गए दोस्तों से पूछताछ की मांग की है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम ने बताया कि अभी परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।