चालक की बरामद टेंपो जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है।
बख्शी का तालाब। इटौंजा के एक गांव में मंगलवार रात लगभग आठ बजे युवती से छेड़छाड़ के मामले में ग्रामीणों के हंगामे के बाद आरोपी टेंपो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक इटौंजा मार्कंडेय यादव ने बताया कि पीड़ित युवती की बड़ी बहन की शिकायत पर महिंगवा विश्रामपुर निवासी सरोज यादव के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है।
पारा इलाके की रहने वाली युवती को मंगलवार शाम दुबग्गा से टेंपो चालक सरोज यादव ने अन्य सवारियों के साथ बैठाया। रास्ते में युवती का सिर दर्द होने लगा तो वह एक किनारे बैठी रही। इसी बीच एक-एक कर सभी सवारियां उतर गईं। जब युवती नहीं उतरी तो टेंपो चालक ने हमदर्दी दिखाते हुए झाड़फूंक से इलाज का झांसा देकर इटौंंजा क्षेत्र के एक गांव में अपने परिचित के घर ले गया। वहां पड़ोस के युवक ने युवती की कुछ आवाजें सुनीं तो उसने ग्रामीणों को बताया और 112 पर पुलिस को सूचित कर दिया। इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची। इधर युवती के साथ अनहोनी की आशंका को देखते हुए लगभग 150 ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। जिस घर के अंदर युवती थी, उसके आसपास ग्रामीण हंगामा करने लगे। पहले 112 कंट्रोल रूम से पुलिस पहुंची। इसके बाद चौकी प्रभारी महोना अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच कुछ लोगों ने टेंपो के शीशे तोड़ डाले। पुलिस भीड़ के बीच किसी प्रकार पीड़ित युवती, टेंपो चालक सरोज यादव को टेंपो सहित इटौंजा थाने लाई। युवती की बड़ी बहन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।