फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: मंदिर के सेवादार को बेरहमी से पीटा, गला कसकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। दुबग्गा के एक मंदिर के सेवादार कल्लू प्रजापति उर्फ बाबा (60) की बेरहमी से पिटाई के बाद गला कसकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उनका शव मंदिर के पास ही 15 फीट गहरे खाली प्लॉट में फेंक दिया। कल्लू के भाई ने आश्रयहीन कॉलोनी के तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर कराई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि नशे के विरोध और पुराने विवाद में घटना को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन

दुबग्गा की आश्रयहीन कॉलोनी निवासी गुड्डू लोधी ने एक प्लॉट में मंदिर बनवाया है। उन्नाव के हसनगंज के नेवतनी गांव निवासी कल्लू प्रजापति 25 वर्ष से इसमें सेवादार थे। वह परिसर में ही तिरपाल डालकर रहते थे। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने उनका शव मंदिर से जुड़े प्लॉट में पड़ा देखा। उनके माथे व गले पर चोट के निशान थे।

सूचना पाकर दुबग्गा पुलिस और एसीपी काकोरी शकील अहमद मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय ने बताया कि कल्लू के भाई पुत्तीलाल की तहरीर पर अंकित तिवारी, राहुल रावत और राहुल कनौजिया के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन




25 दिन पहले भी की थी मारपीट

पुत्तीलाल के मुताबिक 16 जनवरी की रात अंकित तिवारी की स्कूटी जल गई थी। इसके लिए वह कल्लू पर शक करता था। इस बात को लेकर कई बार कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने पुत्तीलाल को बताया कि बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे गांजा पीने के बाद अंकित साथियों राहुल रावत और राहुल कनौजिया के साथ मंदिर पहुंचा। आरोप है कि तीनों मंदिर पर लगे बिजली के तार हटाने लगे, जिसका कल्लू ने विरोध किया। इस पर तीनों ने उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी उन्हें दस मीटर तक घसीटकर ले गए और वहां भी पीटा। फिर पास से गुजरे नाले में औंधे मुंह डुबोकर डंडे से पीटा। इसके बाद चादर और पैंट से उनका गला कसकर हत्या कर दी। आरोपी शव पास के खाली प्लॉट में फेंककर भाग निकले। परिजनों का आरोप है कि 25 दिन पहले भी आरोपियों ने मंदिर परिसर में घुसकर कल्लू से मारपीट की थी। मंदिर में रखी कुर्सियां और अन्य सामान तोड़कर खाली प्लॉट में फेंक दिया था।



नशेड़ियों का करते थे विरोध

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर परिसर में काफी समय से अराजकता हो रही है। यह भी आरोप है कि मंदिर के पड़ोस में बने एक मकान में पुलिस की शह पर महिला भाई के साथ गांजा बेचती थी, जिसका कल्लू काफी समय से विरोध कर रहे थे। उन्होंने नशेड़ियों के उत्पात और बाहरी लोगों के आने-जाने की शिकायत पुलिस से की, पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बुजुर्ग को दबंग डरा-धमकाकर चुप करा देते थे।



कई लोग ने सुनी थी मदद की गुहार

मंदिर के पुजारी गुड्डू लोधी और उनके बेटे गोलू ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात कल्लू की बचाओ-बचाओ... की चीखें कई लोगों ने सुनी थीं। हालांकि, पास ही चल रहे शादी समारोह के शोर-शराबे में किसी ने ध्यान नहीं दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें