लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित अमूल डेयरी के पास मंगलवार रात महिला को टक्कर मारने के बाद सड़क पर गिरकर घायल हुए किशोर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मिर्जापुर निवासी ऋतिक (16) गांव के ही रहने वाले अपने दोस्त रुद्र अभिनव उर्फ साहिल रावत (17) के साथ मंगलवार रात करीब आठ बजे बाइक से अर्जुनगंज की तरफ जा रहे थे, तभी अमूल डेयरी के पास सड़क पार कर रही बाराबंकी के लोनी कटरा स्थित मकनपुर निवासी सावित्री को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वह पति कृष्ण कुमार के साथ अमूल डेयरी में मजदूरी करती थी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठा रुद्र छिटककर सड़क पर जा गिरा। ऋतिक भी बाइक लेकर गिर गया। दोनों घायलों को क्षेत्र के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रुद्र ने दम तोड़ दिया।
कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लखनऊ। आशियाना थाना क्षेत्र के बंगला बाजार नहर पुल के पास टैक्सी में टक्कर मारने के मामले में बुधवार को कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। शारदा नगर रजनीखंड निवासी शिवाजी बीते पांच नवंबर को सवारी लेकर चारबाग जा रहा था, तभी बंगला पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। इसमें शिवाजी घायल हो गया था। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वाहन की टक्कर से घायल की ट्राॅमा में मौत
निगोहां। मस्तीपुर गांव के पास हाईवे पर मंगलवार को अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल युवक घायल हो गया था। ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान उन्नाव के रहने वाले अभिषेक श्रीवास्तव (39) के रूप में हुई है। अभिषेक निगोहां कस्बे में पत्नी दीक्षा श्रीवास्तव के साथ किराये पर रहते थे और लखनऊ में एक प्राइवेट कंपनी में टेक्निकल वेंडर का काम करते थे। भाई अभिनव श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक ड्यूटी के बाद स्कूटी से निगोहां कस्बा लौट रहे थे तभी रास्ते में घटना का शिकार हुए।