लखनऊ। समय पर इलाज न पाने वाली किशोरी ने बुधवार को बलरामपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले वह दो दिन तक लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में भर्ती रही थी। परिवारीजनों का आरोप है कि सही समय पर इलाज न मिलने से उनकी बेटी की मौत हुई है।
बाराबंकी के फतेहपुर स्थित बेलहरा निवासी माया देवी (15) को करीब एक सप्ताह पहले पेट में दर्द व जलन की समस्या के बाद घरवाले लोहिया संस्थान लेकर आए थे। चार मई को उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। आरोप है कि यहां दो दिन तक भर्ती रहने के बावजूद उसका इलाज नहीं किया गया। किशोरी की मां ऊषा व पिता संतराम के मुताबिक इलाज न मिलने से वे बेटी को कुर्सी रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भी सही इलाज न मिलने पर उसे बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसकी सांसें थम गईं। (माई सिटी रिपोर्टर)
किशोरी की मौत का अफसोस है। हालांकि, इमरजेंसी में भर्ती रहने के बावजूद इलाज न मिलने की बात सही नहीं हो सकती। अगर कोई शिकायत मिलती है तो पूरी जांच कराई जाएगी। रोगी की फाइल से दिए गए इलाज का सत्यापन भी किया जाएगा।
- प्रो. भुवन तिवारी, प्रवक्ता, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान