बाग में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका
निगोहां। खुद्दीखेड़ा गांव के पास स्थित महुआ के बाग में बुधवार सुबह 36 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। युवक के सिर व शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की कहीं और पिटाई की गई थी और फिर हत्या के बाद शव को वहां लाकर फेंका गया। युवक पैंट व बनियान पहने था। शर्ट पैरों की तरफ पड़ी थी।
पुलिस ने छानबीन की। शिनाख्त के लिए लखनऊ सहित रायबरेली और उन्नाव की पुलिस से संपर्क किया गया है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी का ब्यौरा जुटा रही है। थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों ने खुद्दीखेड़ा गांव के बाहर स्थित नहर किनारे रासेंद्र तिवारी के बाग में शव मिलने की सूचना दी थी। दाहिनी आंख के ऊपर व बाएं हाथ की कलाई पर चोट के निशान थे।