राही (रायबरेली)। नाना के घर आए एक किशोर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांव के बाहर पेड़ से गमछे के सहारे किशोर का शव लटकता मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। किशोर घर से लापता हो गया था।
खोजबीन के बाद उसका कोई पता नहीं चल पाया था। परिवारीजन किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के गुरुदत्तखेड़ा गांव निवासी पंकज (15) पुत्र राम औतार तीन दिन पहले भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे निकासू मजरे बेलाबेला गांव नाना के घर आया था। शुक्रवार की शाम से पंकज घर से गायब हो गया था। खोजबीन के बाद भी पंकज का कोई अता पता नहीं चल पाया था।
दोपहर बाद गांव के बाहर पेड़ से गमछे के सहारे पंकज का शव लटकता मिला। यह देख परिवारीजन दंग रह गए। एसओ बृजमोहन सिंह और मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की।