लखनऊ। तालकटोरा इलाके में 16 वर्षीय किशोर को रंजिश के चलते एसयूवी सवार कुछ युवकों ने अगवा कर लिया। गाड़ी में उसे बेरहमी से पीटा गया, कपड़े उतरवाए गए और उस पर असलहा ताना गया। इस घटना का वीडियो भी बनाया गया। पीड़ित किशोर की मां ने आरोपियों के खिलाफ तालकटोरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस का दावा है कि घटना कई माह पुरानी है और मामले की जांच की जा रही है।
पीड़ित किशोर राजीव परिवार के साथ हैदर कैनाल के पास रहकर अंडे का ठेला लगाता है। उसकी मां नंदू देवी ने बताया कि कुछ माह पहले क्रिकेट मैच के दौरान राजीव का आरोपियों से झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते पांच माह पहल रात करीब दो बजे आरोपी युवक एसयूवी से घर पहुंचे और इंस्टाग्राम के माध्यम से राजीव को बाहर बुलाया। राजीव के बाहर निकलते हुए उसे एसयूवी में अगवा कर लिया गया। आरोपियों ने गाड़ी के अंदर राजीव के कपड़े उतरवा दिए और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान एक आरोपी ने उस पर असलहा तान दिया। घटना का पूरा वीडियो भी आरोपियों ने बना लिया। शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए आरोपी उसे सुबह पांच बजे घर के पास छोड़कर भाग गए। डर के कारण राजीव ने परिजनों को घटना के बारे में कुछ नहीं बताया था।
जेवर और रुपये की मांग और दोबारा मारपीट
नंदू देवी का आरोप है कि 25 दिसंबर को भी आरोपियों ने किशोर के साथ मारपीट की। 31 दिसंबर को आरोपियों ने राजीव को जेवर और पांच लाख रुपये लेकर आलमबाग के मवैया बुलाया। 31 दिसंबर को जब राजीव को फोन आया, तब उसने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद राजीव अपने माता-पिता के साथ मवैया पहुंचा, जहां आरोपी पहले से मौजूद थे। वहां दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इस घटना के बाद राजीव की मां नंदू देवी ने आरोपियों के खिलाफ तालकटोरा थाने में तहरीर दी है।
वीडियो वायरल होने से मामला खुला
नाबालिग राजीव के साथ एसयूवी में हुई इस बर्बरता का दो मिनट का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में आरोपी पहले राजीव के कपड़े उतरवाते और फिर उसे थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। एक युवक ने उस पर असलहा भी ताना हुआ है।
इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे का कहना है कि यह वीडियो चार-पांच माह पहले का है। किशोर की मां ने अब तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिन युवकों पर आरोप लगा है, उनकी पहचान की जा रही है।