डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी कॉलेजों के शिक्षकों व अन्य सहयोगी कर्मचारियों को जल्द ही आकस्मिक, उपार्जित अवकाश समेत अन्य अवकाश व मानक के अनुसार वेतन का लाभ मिलेगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने सेवा नियमावली तैयार की है। इसे विवि की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है।
सभी कॉलेजों को 10 अक्तूबर तक इस पर सुझाव देने को कहा गया है। इसके बाद नियमावली को लागू करने की प्रक्रिया होगी। ऐसा होने से निजी कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षकों व शिक्षण कार्य में सहयोग करने वाले कर्मचारियों जैसे लैब टेक्नीशियन आदि का शोषण नहीं किया जा सकेगा।
वर्तमान में अधिकतर निजी कॉलेजों में शिक्षकों व कर्मचारियों को न तो मानक के अनुसार वेतन मिलता है और न ही अन्य अधिकार। छुट्टी लेने पर वेतन कटौती की जाती है। अभी 600 से अधिक निजी कॉलेज विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। सेवा नियमावली लागू होने से इनके 30 हजार से अधिक शिक्षकों व उनके सहयोगियों को लाभ मिलेगा।