सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर।
- फोटो : अमर उजाला
69000 शिक्षक भर्ती मामले में 6800 अभ्यर्थियों की नियुक्ति को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने सोमवार को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के आवास का घेराव कर न्याय दिलाने की मांग की। वहीं, आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी ईको गार्डेन पहुंचकर अभ्यर्थियों के आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। साथ ही 29 नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा घेराव के कार्यक्रम का समर्थन करने का एलान किया।
ये भी पढ़ें - मौसम में बदलाव: रात के पारे में दो से तीन डिग्री की गिरावट बढ़ाएगी सर्दी, पूरे प्रदेश में बादलों का डेरा
ये भी पढ़ें - डिप्टी सीएम बोले- राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाएगी
हम मंत्री नहीं है, पर एनडीए में हैं तो बात करेंगेः राजभर
घेराव करने पहुंचे अभ्यर्थियों ने जब सुभासपा अध्यक्ष से आरक्षण से वंचित किए गए 6800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग की तो राजभर ने सफाई देते हुए कहा कि अभी तो हम मंत्री नहीं है, पर एनडीए में शामिल होने के नाते सरकार से इस मुद्दे पर जरूर बात करेंगे। उन्होंन अभ्यर्थियों को आश्वसन दिया कि विधानसभा में सबसे अधिक मैने ही यह मुद्दा उठाया था। जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कांग्रेस और बसपा को लोग समर्थन करना तो दूर चुप्पी साधे रहते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को समझाया कि धरना देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिलकर आपकी बात रखेंगे और समस्या का समाधान भी होगा।
29 को विधानसभा घेराव में साथ रहेगी आसपाः चन्द्रशेखर
वहीं, अभ्यर्थियों के धरना स्थल ईको गार्डेन पहुंचे आजाद समाज पार्टी (आसपा) के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने आंदोलन का समर्थन की घोषणा की । उन्होंने कहा आरक्षण से वंचित अभ्यर्थियों के समायोजन की घोषणा करने के बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किया गया। ये अभ्यर्थियों के संवैधानिक अधिकार का हनन है। उन्होंने कहा कि सरकार के लचरपन के कारण असंख्य पिछड़े दलित समाज के युवा सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर है। चन्द्रशेखर ने अभ्यर्थियों द्वारा 29 नवंबर को विधानसभा घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने की घोषणा करते हुए उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता भी लखनऊ पहुंचकर अभ्यर्थियों का समर्थन करेंगे।