मलिहाबाद। कैथुलिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से दुर्व्यवहार करने के आरोप में शिक्षिका विजय कुमारी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने निलंबित कर दिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभिभावक रामखिलावन की शिकायत की जांच करने वाले खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट पर यह कार्रवाई की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक कैथुलिया गांव निवासी रामखिलावन ने एक जुलाई को समाधान दिवस सहित मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। इस शिकायत में रामखिलावन ने शिक्षिका पर देर से स्कूल आने और बच्चों से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। शिक्षिका पर परिजनों से भी दुर्व्यवहार करने का आरोप था। इस शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई गई थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच रिपोर्ट में परिजनों की शिकायतें सही पाए जाने पर एक अक्तूबर को शिक्षिका को निलंबित कर दिया। अब विस्तृत जांच का जिम्मा खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया है।