स्कूल और छात्र के पैर पर पिटाई के निशान।
लखनऊ। मलिहाबाद स्थित मलिहाबाद के सिद्धार्थ ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षक ने कक्षा चार के छात्र ओमजीत त्रिपाठी को छड़ी से पीटकर घायल कर दिया। छात्र के पिता की शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
छात्र ओमजीत को कमर के पास गंभीर चोटें आई हैं। ओमजीत के पिता अखिलेश चंद्र ने बताया कि उनके बेटे को गणित में 84 पन्नों का होमवर्क मिला था। यह होमवर्क पूरा नहीं हो पाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक हसीब ने बुधवार को ओमजीत को जमकर पीटा। दोपहर तीन बजे जब ओमजीत घर पहुंचा तो वह लड़खड़ा कर गिर गया। इस घटना के बाद से बेटा काफी डरा-सहमा हुआ है। अखिलेश चंद्र ने शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि तहरीर मिली है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल एसके त्रिपाठी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लिया गया है। शिक्षक इंचार्ज हसीब को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन इस तरह के कृत्य का समर्थन नहीं करता है। पिता की शिकायत और घायल छात्र को देखने के बाद यह निर्णय लिया गया।।
स्कूल और छात्र के पैर पर पिटाई के निशान।
स्कूल और छात्र के पैर पर पिटाई के निशान।