कटरा (श्रावस्ती)। प्राथमिक विद्यालय बेलहा राघव में तैनात सहायक शिक्षक ने शनिवार दोपहर कटरा स्थित अपने घर के पीछे कमरे में खुद को गोली मार ली। इससे उनकी मौत हो गई। पुत्र की सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
नवीन मॉडर्न थाना कटरा अंतर्गत कटरा बाजार निवासी रंदीप सिंह कुरील (48) पुत्र राम लखन इकौना के प्राथमिक विद्यालय बेल्हा राघव में सहायक शिक्षक पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी नीलम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। उन्हें एक पुत्र करन (18) व पुत्री जया (10) है। शनिवार को रंदीप घर से विद्यालय के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते से वापस आ गए। इसके बाद वह घर के पीछे के कमरे में चले गए। जबकि नीलम अपनी सास विमला देवी व बच्चों के साथ आगे के कमरे में थीं। दोपहर 12 बजे अचानक फायर की आवाज सुन सभी कमरे की ओर भागे। परिजनों ने देखा कि रंदीप खून से लथपथ जमीन पर पड़े हैं और पास में ही तमंचा भी था। मृतक की मां का कहना है कि रंदीप एक सप्ताह से काफी परेशान थे। लेकिन वह अपनी परेशानी का कारण नहीं बता रहे थे। न तो ठीक से खाना खा रहे थे और न ही किसी से ढंग से बात ही करते थे। थानाध्यक्ष कटरा योगेश कुमार सिंह का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।