इनकम टैक्स और इससे जुड़े प्रावधानों के लिहाज से कारोबारी वर्ग और मध्यम वर्ग दोनों के लिए 31 मार्च बेहद महत्वपूर्ण है।
सीए शशांक मिश्रा ने बताया कि टैक्स अदा करने के दायरे में आने वाले प्रत्येक नागरिक को हर हाल में इसे 31 मार्च तक जमा कर देना चाहिए।
ऐसा नहीं करने पर उन्हें आईटी एक्ट की धारा 234 ए, बी और सी के तहत टैक्स पर 18 प्रतिशत ब्याज देना होगा। यह टैक्स प्रतिदिन के अनुसार काउंट किया जाता है।
80-सी में छूट का भी अंतिम मौका
अगर कोई धारा 80-सी के तहत इनकम टैक्स में छूट चाहता हे तो वह 31 मार्च तक ही निवेश कर सकता है।
1 अप्रैल को किया गया निवेश अगले वित्त वर्ष यानी 2014-15 के लिए गिना जाएगा।
हालांकि विशेषज्ञ चेताते हैं कि अंतिम समय में सोच समझकर निवेश करें क्योंकि यह निवेश बाद में अखर भी सकता है।
दूसरी ओर आईटी रिटर्न भी 31 मार्च तक दाखिल नहीं करने पर टैक्स दाता पर 5 हजार रुपये तक की पेनल्टी लगेगी।
वैसे 5 तारीख, लेकिन मार्च में 31 लास्ट डेट
सर्विस टैक्स भरने वाले नागरिकों को वैसे तो महीना खत्म होने के बाद अगले महीने की 5 तारीख तक इसे जमा कराने की छूट दी जाती है, लेकिन मार्च में अंतिम तारीख 31 ही होती है।
इसलिए कारोबारी तबके के लिए यह ध्यान में रखना जरूरी होता है।
मध्यम कारोबारी, दुकानदार रहें सचेत
सालाना डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के टर्नओवर वाले कारोबारियों को खासतौर पर सचेत रहने की जरूरत है। उन्हें 31 मार्च तक अपने क्लोजिंग स्टॉक की घोषणा करनी होती है।
ऐसा नहीं होने पर ऑडिटर ऑडिट करने से इन्कार कर सकते हैं।
उत्पाद शुल्क भरने के लिए सर्विस टैक्स की तरह ही अगले महीने की 5 तारीख तक की छूट नहीं मिलेगी, बल्कि सर्विस टैक्स की तरह ही मार्च में इसकी अंतिम तिथि 31 है।
हाउस टैक्स
पिछले वर्ष 31 मार्च को रविवार था। इसे देखते हुए नगर निगम ने सभी कार्यालय में गृहकर जमा करने की व्यवस्था करवाई थी।
इस बार 30 मार्च को रविवार पड़ रहा है, अंतिम दिनों में उमड़ने वाली भीड़ की संभावना को देखते हुए कार्यालय खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जो गृह स्वामी 31 तक गृहकर जमा नहीं करवाएंगे उन्हें 1 अप्रैल से इस टैक्स पर 12 प्रतिशत ब्याज लगाया जाएगा।
बिजली बिल
राजधानी में लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुका रहे नागरिकों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। ऐसे में 31 मार्च और भी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि इस दिन तक बिल नहीं जमा किया तो अगले महीने से ब्याज लगना तय है।
यह बिल मैन्युअली जमा होगा। इसमें वक्त भी जाया होगा और इस बीच कनेक्शन कटने का डर बना रहेगा। कानूनी कार्यवाही से भी जूझना पड़ सकता है।
रविवार को निपटा लें बैंक के काम
वार्षिक बंदी को ध्यान में रखते हुए बैंकों ने शनिवार को समय सीमा बढ़ाने के साथ रविवार को भी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया है।
इसके चलते अब 29 मार्च को देर शाम तक काम होगा। एसबीआई के अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार और सोमवार को रात आठ बजे तक काम होगा।
एसबीआई के अलावा दूसरी बैंकों में भी इसके लिए सर्कुलर जारी कर दिया गया है। वाणिज्य कर कार्यालय भी रविवार को खुले रहेंग।
31तक बीमा कराना फायदेमंद
वाहन का बीमा कराना एक अप्रैल से महंगा हो जाएगा।
इंश्योरेंस रेग्युलेटरी एंड डवलपमेंट अथॉरिटी (इरडा) के सर्कुलर के बाद थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का प्रीमियम 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा।
बढ़ोतरी से बचने के लिए 31 मार्च तक बीमा कराया जा सकता है। तो जल्दी करें, अगर इस बार चूके, तो जेब ढीली करनी पड़ेगी।