कुलदीप जिसका अपहरण हुआ था।
- फोटो : amar ujala
राजधानी से कारोबारी के अपहरण का पता चलने पर संसारपुर चौकी के पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक रामलाल वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार को फोन किया और कुलदीप को अपने कैंप ऑफिस बुलाकर तहकीकात की। उसने कहा कि तन्वी सेठ पासपोर्ट प्रकरण का वह चश्मदीद है। उस वक्त वह भी पासपोर्ट कार्यालय में लाइन में लगा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जानकीपुरम थाने से टीम देर रात लखीमपुर रवाना हुई और कुलदीप सिंह को साथ लेकर लौटी।
अपहरण की पड़ताल में जुटी पुलिस
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि कुलदीप सिंह ने स्कॉपियो सवार अज्ञात बदमाशों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। उस पर प्राथमिकी दर्ज करके पड़ताल की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ इटौंजा व सीतापुर के खैराबाद स्थित टॉल प्लाजा से स्कॉर्पियो के बारे में छानबीन की जाएगी।
कुलदीप का कहना है कि तन्वी सेठ के पासपोर्ट प्रकरण की खबरें छपने पर उसने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट करके खुद को चश्मदीद गवाह बताया था। कहा था कि उस वक्त पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद था। इस पर एक न्यूज चैनल ने उसे शनिवार शाम साक्षात्कार के लिए बुलाया था। इस बीच बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बदमाशों का इरादा नेपाल ले जाने का था लेकिन जंगल में होश आने पर वह चकमा देकर भाग निकला।