मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के माघ मेले के दौरान प्रवासी पक्षियों के आगमन को देखते हुए खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोकभवन में उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) को वर्तमान में सौंपे गए कोविड-19 से संबंधित दायित्वों से मुक्त कर दिया जाए ताकि आईवीआरआई केवल बर्ड फ्लू की जांच पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सके।
सीएम ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण को निर्देशित किया कि इस बात का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए कि श्रद्धालु पक्षियों को दाना आदि न खिलाएं। इसके अलावा सीएम ने कहा कि सिविल सेवा समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इस सुविधा से प्रदेश के युवा इस परीक्षा में स्वयं को अग्रिम पंक्ति में पाएंगे।
ट्रैक एवं ट्रेस प्रणाली को सुदृढ़ करें
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में फोरेंसिक साइंस के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने इस संबंध में सभी प्रक्रियाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए ट्रैक एवं ट्रेस प्रणाली लागू की गई हैं। उन्होंने इसे और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
पूर्ण पका चिकन, मीट खाने से कोई खतरा नहीं
पशुपालन विभाग के निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. रामपाल सिंह ने बताया कि बर्ड फ्लू के संक्रमण से निपटने के लिए प्रदेश में प्रभावी तैयारियां की जा रही हैं। जिलों नें टास्क फोर्स की बैठकें की जा रही है। रैपिड रिसपांस टीम कागठन किया जा रहा है। डॉ. रामपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय स्तर पर अन्य सहयोगी विभागों, स्वास्थ्य, वन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय किया जा रहा है। विभाग के फोन नंबरों के साथ ही टोल फ्री नंबर 1800 180 5141 पर जानकारी देने पर तत्काल कार्यवाही किए जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से पका हुआ चिकन, मीट खाने या उबला हुआ अंडा खाने से बर्ड फ्लू का कोई भी खतरा नहीं है। प्रदेश में अभी तक किसी भी स्थान पर बीमारी के प्रकोप की सूचना नहीं है।