मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में 2.5 करोड़ से अधिक कोविड-19 की जांच पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसे देखते हुए जांच का कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। अकेले केजीएमयू लखनऊ में 10 लाख आरटीपीसीआर टेस्ट किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने लोक भवन में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कोविड अस्पतालों में व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखें। वहां दवाओं, मेडिकल उपकरण और ऑक्सीजन के बैकअप की व्यवस्था करें। सर्विलांस, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग को भी प्रभावी ढंग से जारी रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना टीकाकरण की सभी तैयारियां समय से पूरी करें। जिलों में हो रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाए। उन्होंने 11 जनवरी को प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के दूसरे ड्राई रन को पूरी प्रतिबद्धता से संचालित करने के निर्देश दिए। कहा, ई-संजीवनी एप का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन चिकित्सीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराएं।
आरोग्य मेला और पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 जनवरी प्रदेश के ग्रामीण व शहरी इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन दोबारा शुरू हो रहा है। 17 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान का संचालन होना है। दोनों ही अभियान की सभी तैयारियां समय से पूरी की जाए।