आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के शीर्ष कमांडरों में से एक तहसीन अख्तर की तलाश में यूपी की खुफिया एजेंसियां भी जुटी हैं।
यह कवायद तहसीन अख्तर के यूपी में कोई वारदात अंजाम देने के इरादे की जानकारी सामने आने के बाद शुरू हुई है।
तहसीन की तलाश होने की जानकारी आईजी कानून-व्यवस्था आरके विश्वकर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि तहसीन यहां वाराणसी के शीतलाघाट विस्फोट समेत अन्य मामलों में वांछित है। यूपी एटीएस के साथ ही अन्य खुफिया एजेंसियां भी उसकी तलाश में जुटी हैं।
तहसीन को लेकर सोमवार को भी इस बात की चर्चा तेज थी कि वह फैजाबाद के आसपास कहीं छिपा हुआ है, लेकिन इस बात की तस्दीक नहीं हो सकी थी।
एटीएस के अधिकारियों का कहना है कि यासीन भटकल और असदुल्ला उर्फ हड्डी के अलावा पिछले दिनों पकड़े गए अन्य आतंकियों व उनके सहयोगियों से जो पूछताछ हुई है।
उसमें इस बात की जानकारी सामने आई है कि तहसीन किसी अन्य राज्य के बजाय उत्तर प्रदेश में ही वारदात करने की मंशा रखता है।
उसके कुछ निशानों में फैजाबाद भी एक मुख्य निशाना है। तहसीन के पूर्वांचल व नेपाल सीमा पर रिश्तों की एटीएस को भी सुगबुगाहट है।
इसी वजह से पिछले दिनों यूपी की नेपाल सीमा पर स्थित जिलों के पुलिस अधिकारियों से अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के साथ ही एसटीएफ व स्टेट इंटेलीजेंस को भी अलर्ट किया गया था।