लखनऊ। कॉटन कैंडी में सिंथेटिक रंग का इस्तेमाल हो रहा है, जो सेहत के लिए बेहद हानिकारक है। सोमवार को एफएसडीए की टीम ने सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अभियान चलाकर चेकिंग की और 200 कॉटन कैंडी नष्ट कराई।
सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मौके पर जांच की गई तो पता चला कि कैंडी में रोडामाइन-बी का इस्तेमाल किया गया है। इसी वजह से कैंडी का रंग गुलाबी होता है। ये खाद्य रंग नहीं है। इसलिए कैंडी नष्ट कराई। टीम ने कैंडी बेचने वालों को जागरूक करते हुए बताया कि जिस रंग का वह इस्तेमाल कर रहे हैं, वह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खाद्य रंगों का ही इस्तेमाल करें। वहीं, खरीदारों को भी इस बारे में जानकारी दी। इसके अलावा टीम ने अयोध्या-लखनऊ हाईवे का निरीक्षण किया। खाद्य प्रतिष्ठानों की चेकिंग की। फूड सेफ्टी कनेक्ट के साइनेज लगवाए।