लखनऊ। राजधानी के निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों में स्वाइन फ्लू की आरटीपीसीआर जांच तीन हजार रुपये में होगी। सीएमओ की अध्यक्षता में मंगलवार को निजी अस्पताल व पैथोलॉजी केंद्र संचालकों की बैठक में यह अधिकतम दर तय की गई। इससे अधिक शुल्क वसूलने वाले केंद्रों पर कार्रवाई होगी।
शहर के निजी केंद्र अभी तक स्वाइन फ्लू की जांच के बदले छह हजार रुपये तक शुल्क वसूल रहे थे। इस कारण सभी संदिग्ध मरीज जांच नहीं करवा रहे थे। मंगलवार को हुई ऑनलाइन बैठक में शामिल मेदांता, अपोलो मेडिक्स, आरएमएल पैथोलॉजी, मैक्स, खन्ना डायग्नोस्टिक, चंदन हॉस्पिटल, चरक डायग्नोस्टिक, लाल पैथ लैब और नारायण डायग्नोस्टिक के प्रतिनिधियों ने जांच की दर तय करने पर चर्चा की। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि एसजीपीजीआई में इसी जांच के लिए 2400 रुपये शुल्क है। इस आधार पर निजी क्षेत्र में जांच की अधिकतम दर 3000 रुपये तय करने पर सर्वसम्मति बनी।
राजधानी में स्वाइन फ्लू से मौत होने व लगातार मरीज मिलने के बाद जांच की मांग बढ़ी है। इस बीच निजी केंद्रों के अलग-अलग जांच शुल्क वसूलने की शिकायतें आ रही थीं। अब तय दर से अधिक शुल्क लिए जाने पर मरीज शिकायत कर सकेंगे।