लखनऊ। आशियाना स्थित कांशीराम सांस्कृतिक स्थल पर बुधवार को होने वाले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के गोसेवा से जुड़े कार्यक्रम को प्रशासन ने 26 सख्त शर्तों के साथ हरी झंडी दी है। प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग से अनुमति मिलने के बाद स्थल को जीएसटी सहित 4.63 लाख रुपये में एक दिन के लिए बुक किया गया है। स्मारक समिति के प्रबंधक अभिनव सिंह के अनुसार सभी विभागीय मंजूरी के बाद ही स्थल आवंटित किया गया है।
11 मार्च को शीतला अष्टमी के मौके पर दोपहर 2:15 बजे से शाम पांच बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को संबोधित करेंगे। इसमें संत-समाज, विभिन्न संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा के लिहाज से आयोजन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थानों की पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
ये हैं 26 शर्तें
- धर्म, जाति, संप्रदाय और भाषा के विरुद्ध भड़काऊ भाषण नहीं होगा।
- किसी राजनीतिक/धार्मिक व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित या विद्वेषपूर्ण भाषा का इस्तेमाल नहीं होगा।
- नाबालिगों से विवादित नारे नहीं लगवाए जाएंगे।
- सीमित संख्या में मिलेगा वाहनों को प्रवेश, यातायात बाधित नहीं होगा।
- पारंपरिक ध्वजदंड के अलावा घातक वस्तु नहीं ला सकेंगे।
- मांगों का ज्ञापन सक्षम अधिकारी को सौंपा जाएगा।
- किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
- लगाए गए पुलिस बल का भुगतान आयोजक करेंगे।
- शांत क्षेत्र में ढोल, संगीत और लाउडस्पीकर प्रतिबंधित रहेंगे।
- यातायात और अग्निशमन विभाग के निर्देशों का पालन अनिवार्य।
- आवश्यक विभागीय अनुमति आयोजक स्वयं प्राप्त करेंगे।
- सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर वाहन पार्किंग नहीं होगी।
- ध्वनि प्रदूषण नियम-2000 के मानकों का पालन करना होगा।
- पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत नियमों का उल्लंघन अपराध माना जाएगा।
- अन्य आवश्यक अनुमति/लाइसेंस से छूट नहीं होगी।
- पुलिस की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा।
- ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा (अधिकतम 75 डेसीबल) से अधिक नहीं होगी।
- आतिशबाजी, हथियार व हर्ष फायरिंग पूर्णतः प्रतिबंधित।
- पंडाल की ऊंचाई कम से कम 3 मीटर होगी।
- पर्याप्त निजी सुरक्षा कर्मी लगाए जाएंगे, अव्यवस्था नहीं होगी।
- सांप्रदायिक/जातीय टिप्पणी या उत्तेजक बयान नहीं होगा।
- रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि प्रसारण बंद रहेगा।
- स्थान किराया व अन्य शुल्क आयोजक स्वयं देंगे।
- कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करना होगा।
- जुलूस या शोभायात्रा की अनुमति नहीं होगी।
- किसी शर्त के उल्लंघन पर अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी।