लखनऊ। काकोरी में किसान पथ पर चकौली गांव अंडरपास के पास रविवार सुबह बेकाबू एसयूवी सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे के पिलर से टकराकर पलट गई। हादसे में एसयूवी में पीछे बैठीं बुलंदशहर के दस्तूर के कसौढ़ निवासी सावित्री देवी (65) और शेर सिंह (70) की मौत हो गई। आगे बैठे दरोगा सोनू निगम और उनके दोस्त संदीप भाटी एयरबैग खुलने से बच गए।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के अनुसार दरोगा सोनू निगम बिजनौर जिले के नाहटौर थाने में तैनात हैं। कुछ दिन पहले वह छुट्टी पर घर आए थे। रविवार सुबह वह अपनी शादी के लिए लड़की देखने मोहनलालगंज जा रहे थे। उनके साथ में मां सावित्री देवी, ताऊ शेर सिंह और दोस्त संदीप थे। एसयूवी दरोगा चला रहे थे। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे चकौली गांव के पास एसयूवी अनियंत्रित होकर सीसीटीवी कैमरे के पिलर से टकरा पलट गई। सावित्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे समदा चौकी इंचार्ज शैलेंद्र कुमार गुप्ता और दरोगा विकास यादव ने ग्रामीणों की मदद से एसयूवी सीधी की ओर उसमें फंसे चारों लोगों को अंदर से निकाला। पुलिस ने शेर सिंह, दरोगा और उनके दोस्त को अस्पताल पहुंचाया जहां शेर सिंह की मौत हो गई। दरोगा और उनके दोस्त को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसयूवी में कपड़े और करीब 3.50 लाख रुपये मिले हैं। एसयूवी दरोगा सोनू निगम को सौंप दी गई है।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार