मां-बेटे को बचाने में एसयूवी चालक ने लगाई ब्रेक, चार वाहन टकराए
बख्शी का तालाब। बीकेटी में रविवार शाम सीतापुर हाईवे पार कर रहे मां-बेटे को बचाने के लिए एसयूवी चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इस दौरान पीछे से आ रहीं तीन कारें व एक डाला एसयूवी से टकरा गए। गनीमत रही कि हादसे में मां-बेटे व सभी वाहन चालक बच गए। घटना से हाईवे पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह के मुताबिक शाम साढ़े चार बजे 51 शक्ति पीठ मंदिर के सामने महिला बेटे के साथ हाईवे पार कर रही थी। तभी दोनों सीतापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी के सामने आ गए। किसी तरह चालक ने एसयूवी रोकी ही थी कि पीछे से चार गाड़ियां एक के बाद टकरा गईं। घटना में पांचों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। एसयूवी व एक कार सवार भाग निकले। पुलिस ने वाहन हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।
बच्चे को बचाने में अनियंत्रित कार नहर में गिरी, तीन चोटिल
बीकेटी। इटौंजा के सोनिकपुर निवासी तन्मय सिंह रविवार दोपहर कार से भाई अभय व बहन सृष्टि के साथ बाराबंकी जा रहे थे। तभी बीकेटी में कुम्हरावां रोड पर भैसामाऊ गांव के पास मवेशी चरा रहा करीब 12 वर्षीय बालक सड़क पार करने लगा। उसे बचाने में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। राहगीरों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला। घटना में अभय व तन्मय को मामूली चोटें आईं। सृष्टि का पैर टूट गया।