पुलिस के कब्जे में एसयूवी व घटनास्थल पर मौजूद लोग व पुलिस।
गुडंबा। रिंग रोड स्थित टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। डिवाइडर पर सो रहे 55 वर्षीय श्रमिक को रौंदते हुए करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे में श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। एसयूवी में बलरामपुर जिले में तैनात एसीएमओ डॉ. अजय कुमार शुक्ला सवार थे। हालांकि वह बच गए।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रात करीब 11 बजे एसयूवी मुंशी पुलिया से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान एसयूवी पलटने से बच गई। गनीमत रही कि उस समय फ्लाईओवर की दूसरी लेन पर कोई वाहन नहीं था, वरना और बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान का प्रयास किया गया पर शिनाख्त नहीं हो सकी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि चश्मदीद ऑटो चालक राजू कुमार की तहरीर पर एसयूवी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसयूवी स्वास्थ्य विभाग से संबद्ध बताई जा रही है। एसीएमओ डॉ. अजय कुमार शुक्ला ने घटना को लेकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
पुलिस के कब्जे में एसयूवी व घटनास्थल पर मौजूद लोग व पुलिस।