रविवार शाम एक वैवाहिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचे कांग्रेस के एक नेता लोगों का अभिवादन कर रहे थे, तभी गांव के एक बुजुर्ग ने कहा कि भैया अबकी बार आपकी पार्टी से के लड़त हय...। इस सवाल पर कांग्रेस नेता ने उनकी पीठ थपथपाते हुए कहा कि दादा आप...।
दरअसल, इस सवाल ने हरेक कांग्रेसी को परेशान कर दिया है। वैसे, अमेठी पर सीधे दिल्ली से नजर रखी जा रही है। वहां से एजेंसियों के फोन अमेठी के लोगों के पास आ रहे हैं। उनसे फीडबैक लिया जा रहा है। कहां, क्या माहौल है, कौन किसके साथ है, कौन नाराज है। किसके साथ जाने से क्या असर पड़ेगा... इन तमाम सवालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन को आएंगे प्रदेश प्रभारी अमेठी लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस मीडिया संयोजक अरविंद चतुर्वेदी कहते हैं कि चुनाव को लेकर पूरी तैयारी है। हर स्तर पर कार्यकर्ता तैयार हैं। जल्द ही प्रत्याशी का नाम सामने होगा। तीन मई को प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय अमेठी आ रहे हैं। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राहुल नहीं तो फिर कौन अमेठी में एक सवाल और सबकी जुबां पर है, आखिर राहुल नहीं तो फिर कौन? पहले चर्चा थी कि वायनाड चुनाव के बाद राहुल अमेठी आ सकते हैं। वहां चुनाव भी संपन्न हो गया, लेकिन कांग्रेस पार्टी में मौन बरकरार है।
इस बीच कुछ राजनीतिक जानकार यह भी कह रहे हैं कि खरगे की ओर से सरप्राइज का इशारा कुछ और ही इशारा कर रहा है। यह भी हो सकता है कि भाजपा से नाराज वरुण अमेठी से चुनाव लड़ें और राहुल के लिए रायबरेली का रण तैयार किया जाय, लेकिन इस चर्चा को कांग्रेस सिरे से खारिज कर रही है।