लखनऊ। सपा के पूर्व पार्षद के भाई और विधायकी का चुनाव लड़ चुके सुरेंद्र कुमार के रिसॉर्ट में मिले 88 सिलिंडर के मामले में काकोरी पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। हालांकि, मामले के शिकायतकर्ता आपूर्ति निरीक्षक सत्यम मिश्रा बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट के मालिक सुरेंद्र कुमार व चार अन्य के खिलाफ काकोरी थाने में एफआईआर दर्ज की थी।
शनिवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने पूर्व पार्षद सुरेंद्र के रिसॉर्ट में छापा मारा था। परिसर से पिकअप पर लदे 88 गैस सिलिंडर मिले थे। पड़ताल में सामने आया था कि कालाबाजारी में सुरेंद्र के साथ ही उनकी पत्नी अजीम भारत गैस एजेंसी की मालकिन मंजू कनौजिया भी शामिल थीं। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर ने बताया कि मामले की विवेचना घुरघुरी तालाब चौकी प्रभारी छत्रजीत सिंह को दी गई है। विवेचक ने बताया कि सोमवार को शिकायतकर्ता सत्यम मिश्रा किसी वजह से बयान दर्ज कराने के लिए आए। मंगलवार को उन्हें फिर बुलाया गया है। आपूर्ति निरीक्षक के साथ रिसॉर्ट का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और मानचित्र भी तैयार कराया जाएगा।
आरोपियों को जारी होगा नोटिस
विवेचक ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक के बयान के बाद पांचों आरोपियों को पूछताछ के नोटिस जारी किया जाएगा। बयान और साक्ष्य संकलन के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।