लखनऊ। केजीएमयू में मरीजों को मुफ्त मिलने वाली सुविधाओं के लिए भी जेब ढीली करनी पड़ रही है। शताब्दी फेज-एक स्थित रेडियो एंजियोग्राफी यूनिट में जांच और ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल होने वाले ग्लव्स, गाउन, गॉज और नमूने रखने के कंटेनर समेत अन्य सर्जिकल सामान मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद मरीजों को इन सामानों की परची थमाकर निजी मेडिकल स्टोर से खरीदारी करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
मरीजों का आरोप है कि एचआरएफ काउंटर पर सामान उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर उन्हें बाहर भेज दिया जाता है। यूनिट में ऑपरेशन के अलावा बायोप्सी और अन्य जांचों के लिए मरीजों के नमूने लिए जाते हैं। इसके लिए जरूरी सर्जिकल सामान संस्थान की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
डालीगंज निवासी एक युवती के बच्चेदानी में गांठ है। चिकित्सकों ने उसे बायोप्सी के लिए नमूना देने के लिए कहा था। शनिवार को वह अपनी मां के साथ रेडियो एंजियोग्राफी यूनिट पहुंची। आरोप है कि वहां उसे छह जोड़ी ग्लव्स, तीन गाउन और कंटेनर समेत अन्य सामान की परची थमा दी गई। युवती जब एचआरएफ काउंटर पर पहुंची तो वहां सामान उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर बाहर से खरीदने के लिए कहा गया। मजबूरन उसे निजी मेडिकल स्टोर से करीब 1,300 रुपये का सामान खरीदना पड़ा। आरोप है कि दुकानदार ने इसका पक्का बिल भी नहीं दिया।
इसी तरह माल निवासी अनुराग कुमार के चाचा की किडनी में संक्रमण है। उनकी जांच के लिए भी बाहर से ग्लव्स, गाउन और कंटेनर समेत करीब 5,200 रुपये का सर्जिकल सामान मंगवाया गया। मरीजों और तीमारदारों का सवाल है कि जब ये सामान मुफ्त उपलब्ध कराने का प्रावधान है तो उन्हें बाहर से खरीदने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था के नाम पर वसूली किए जाने का आरोप लगाया है।
Iमामले की जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। I
I- डॉ. केके सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयूI
Iग्लव्स, गाउन, गॉज और कंटेनर जैसे सामान मरीजों को मुफ्त दिए जाने का प्रावधान है। इसलिए ये सामान एचआरएफ में उपलब्ध नहीं होते। यदि कोई कर्मचारी मरीजों पर बाहर से सामान खरीदने का दबाव बना रहा है तो यह गलत है। I
I
- डॉ. कुमार शांतनु, एचआरएफ प्रभारीI