परिजनों की फटकार से क्षुब्ध होकर एक युवक ने मंगलवार रात फेसबुक पर सुसाइड नोट पोस्ट करने के बाद फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद परिवारीजनों को घटना का पता चला तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अकबरपुर नगर के मीरानपुर मोहल्ला निवासी डॉ. रिपुसूदन सिंह का पुत्र सिद्धांत सिंह (20) मंगलवार देर शाम घर पहुंचा। बताया जाता है कि वह उस समय नशे में था। इस पर परिवारीजनों ने उसे डांट-फटकार लगाई।
कुछ देर तक कहासुनी के बाद सिद्धांत अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी मां खाना लेकर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
परिवारीजनों ने किसी प्रकार दरवाजा खोला तो देखा कि सिद्धांत छत के कुंडे में रस्सी से फंदा बांधकर फांसी लगा चुका था।
आनन-फानन में सिद्धांत को फंदे से उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। सिद्धांत के खुदकुशी करने से घर में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी एकत्र हो गए।
इसी बीच सूचना मिलने पर अकबरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि घरवालों की फटकार के बाद सिद्धांत ने पहले अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर सुसाइड नोट पोस्ट किया, इसके बाद फांसी लगाई।