सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए सुब्रत राय सहारा को राहत नहीं मिल पाई है। खबर आ रही है कि सुप्रीम कोर्ट ने सहाराश्री को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में ही रखने को कहा है।
अब सहाराश्री 11 मार्च तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में रहेंगे। 11 मार्च को इस केस की अगली सुनवाई होगी।
कोर्ट ने यह भी कहा है कि अगर तय तारीख से पहले ही सहारा प्रमुख ने पैसे लौटाने का कोई फॉर्मूला दिया, तो पहले भी सुनवाई हो सकती है।
इसके पहले, निवेशकों के 20 हजार करोड़ रुपये न लौटाने के मामले में गिरफ्तार सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय को लेकर पुलिस टीम चोरी-छिपे दिल्ली निकल गई थी।
यहां पेशी पर जाने से पहले ही सुप्रीम कोर्ट परिसर में एक शख्स ने उनके चेहरे पर काली स्याही फेंक दी। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। उस शख्स की पिटाई के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
सुब्रत को सोमवार दोपहर 2.50 बजे कुकरैल स्थित गेस्टहाउस के पिछले गेट से निकालकर ले जाया गया।
रॉय की रवानगी का इंतजार कर रहे मीडियाकर्मी मेन गेट पर जुटे रहे लेकिन पुलिस ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी। रॉय को मंगलवार दोपहर दो बजे सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रॉय को सीओ गाजीपुर विशाल पांडे, इंस्पेक्टर गोमतीनगर अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में कानपुर-आगरा होते हुए दिल्ली भेजा गया है।
मीडियाकर्मी सुबह से ही अधिकारिक जानकारी के लिए परेशान रहे। दोपहर करीब एक बजे के बाद गेस्टहाउस की तरफ सहारा परिवार की गाड़ियों का मूवमेंट बंद हो गया।
इसी बीच इंस्पेक्टर अजीत सिंह चौहान गेस्टहाउस पहुंचे तो रॉय को लेकर दिल्ली रवाना होने की सुगबुगाहट शुरू हो गई। करीब सवा तीन बजे गेस्टहाउस से बाहर निकले एएसपी ट्रांस गोमती हबीबुल हसन ने अमर उजाला से रॉय को दिल्ली के लिए रवाना किए जाने की अधिकारिक पुष्टि की।
इसके बाद मीडियाकर्मियों में हलचल पैदा हो गई। हालांकि, तब तक सुब्रत को लेकर निकली पुलिस शहीद पथ से उतरकर कानपुर रोड पहुंच चुकी थी।
करीब 100 वाहनों का काफिलाबताया जा रहा है कि पुलिस के तीन वाहनों के अलावा काफिले में सहारा परिवार की कई लग्जरी गाड़ियां हैं। इन गाड़ियों में रॉय के करीबी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि काफिले में करीब 100 गाड़ियां शामिल रहीं।
एएसपी ट्रांस गोमती का कहना है कि सुब्रत को पुलिस की जीप में ले जाया गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक मीडियाकर्मियों को चकमा देकर कानपुर रोड पर आते ही रॉय पुलिस की जीप से उतरकर अपनी लग्जरी कार में बैठ गए।
चर्चा यह भी रही कि रॉय को रात में आगरा या नोएडा में किसी सुरक्षित स्थान पर ठहराया जाएगा। मंगलवार सुबह पुलिस उन्हें वहां से लेकर दिल्ली के लिए रवाना होगी।
पुलिस अफसरों ने स्विच ऑफ कर लिए थे फोनपुलिस अफसरों ने रविवार रात ही रॉय को मीडिया से बचाकर गेस्टहाउस से निकालने का खाका तैयार कर लिया था। इसके तहत पुलिस अफसरों ने सीयूजी फोन डायवर्ट पर लगा दिए या कॉल रिसीव ही नहीं की। पर्सनल फोन स्विच ऑफ कर दिए।