यूपी के बहराइच जिले के सेंट नार्बट स्कूल में आईडेंटिटी कार्ड के साथ स्कूल न आने पर 12 बच्चों को पीटी टीचर ने पनिशमेंट के तौर पर घास काटने का फरमान सुना दिया। छात्र-छात्राएं जब घास काट रहे थे तभी कक्षा चार के एक छात्र को बिच्छू ने डंक मार दी।
एक घंटे तक वह दर्द से कराहता रहा लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। उसकी हालत बिगड़ते देख स्कूल प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। हालांकि, बाल रोग विशेषज्ञ और स्कूल प्रबंधन ने बच्चे को बिच्छू काटने की बात से इन्कार किया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नवागढ़ी मोहल्ला निवासी अरुण कुमार का बेटा आदित्य कुमार सिंह (10) शहर के सेंट नार्बट स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। बुधवार को आदित्य आईडेंटिटी कार्ड के बिना ही स्कूल पहुंचा।
यहां जब पीटी टीचर की क्लास लगी तो टीचर ने छात्र-छात्राओं की ड्रेस का निरीक्षण किया। आई-कार्ड और बैज न पाकर टीचर आग बबूला हो उठा। उसने आदित्य को क्लास से बाहर का रास्ता दिखा दिया और ग्राउंड में लगी घास काटने का आदेश दे दिया।
घास काटते समय बिच्छू ने मारा डंक
आदित्य के अलावा आठ छात्राओं व तीन छात्रों की भी ड्रेस में कमी देखकर उन्हें घास काटने को कहा। छात्र-छात्राएं जब ग्राउंड में घास काट रहे थे तभी झाड़ियों में बैठी बिच्छू ने आदित्य को डंक मार दी। थोड़ी देर बाद असहनीय दर्द होने पर वह गिर पड़ा।
उसके सहपाठियों ने दौड़कर यह बात व्यायाम टीचर को बताई लेकिन एक घंटे तक मौके पर कोई नहीं आया। इस बीच आदित्य की हालत बिगड़ती गई। इसके बाद जागे स्कूल प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
इमरजेंसी ओपीडी इंचार्ज डॉ. आरके बसंत ने बताया कि उपचार के बाद आदित्य की हालत में अब सुधार है। इस मामले में छात्र के माता-पिता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
आदित्य जब अस्पताल लाया गया तो उसके दाहिने हाथ की अंगुली में सूजन थी। जांच की गई तो पता चला कि उसकी अंगुली में या तो कोई नुकीली वस्तु या फिर कोई जहरीली घास चुभ गई है उसमें बिच्छू के काटने के सिंप्टंप्स नहीं मिले। फिलहाल, बच्चा इलाज के बाद स्वस्थ है।
डॉ. केके वर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल
किसी भी छात्र को विद्यालय में पनिशमेंट नहीं दी गई है। इंटरवेल के दौरान छात्र विद्यालय परिसर में खेल रहा था तभी उसकी तबियत बिगड़ी। इस पर तत्काल छात्र को घर भेजा गया। उसे बिच्छू ने नहीं काटा। स्कूल की लोकप्रियता से रंजिश रखने वाले लोग साजिश के तहत झूठे आरोप लगा रहे हैं।
फादर पाल कोरिया, प्रिंसिपल, सेंट नार्बट स्कूल