यूपी बोर्ड परीक्षा की ही तरह इस बार लखनऊ विश्वविद्यालय और सहयुक्त कॉलेजों की परीक्षा भी पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। इतना ही नहीं नकल रोकने के तमाम पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। यदि कोई स्टूडेंट परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या मोबाइल के साथ पकड़ा गया तो उसकी सभी परीक्षाएं निरस्त कर दी जाएंगी।
एलयू की परीक्षाएं पांच मार्च से शुरू हो रही हैं। विवि प्रशासन ने परीक्षा में मोबाइल व इलेक्ट्रानिक गैजेट को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों को निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह प्रतिबंध होगा। परीक्षा कक्ष में भी मोबाइल या इलेक्ट्रानिक गैजेट जमा करने की कोई व्यवस्था नहीं होगी।
ऐसे में बेहतर होगा कि विद्यार्थी मोबाइल आदि लेकर ही न आएं। चीफ प्रॉक्टर प्रो. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को लेकर इस बार अधिक सतर्कता रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र में ही इसका उल्लेख कर दिया गया है कि वे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर परीक्षा केंद्र में न आएं।
उन्होंने बताया कि विवि की न्यू लॉ बिल्डिंग, कॉमर्स आदि केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लग गए हैं। कॉलेजों में भी इस व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जा रहा है। प्रो. सिंह ने बताया कि विवि परिसर में बेहतर व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। कॉलेजों को पेपर भेजने के दौरान भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होगी। उड़ाका दल के सदस्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।