लखनऊ। दुबग्गा चौकी क्षेत्र के बरावन खुर्द गांव में कक्षा नौ के छात्र ने खुद को आग लगा ली। पुलिस ने उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
चौकी इंचार्ज अशोक सिंह ने बताया कि बरावन खुर्द निवासी 16 वर्षीय किशोर दिव्यांश कक्षा नौ का छात्र है। पुलिस का कहना है कि छात्र ने अध्यापक द्वारा बार-बार फीस जमा करने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि इसी से आहत होकर शुक्रवार शाम छात्र ने घर पर ही बाइक से पेट्रोल निकालकर अपने ऊपर डालकर आग लगा ली। परिवारीजन ने आनन-फानन में आग बुझाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी दुबग्गा अशोक सिंह ने बताया कि छात्र का इलाज चल रहा है, अभी तक घायल छात्र के परिवारीजनों ने लिखित में कोई तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है, लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।