लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर पर अभद्र टिप्पणी करने पर बीबीएयू में विधि विभाग के छात्र को निलंबित कर दिया गया है। मामले को लेकर अन्य छात्रों के विरोध पर विवि प्रशासन ने निलंबित छात्र के खिलाफ आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
छात्र यशार्थ राय ने बाबा साहेब पर अभद्र टिप्पणी का वीडियो बनाया, जो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया के कई समूहों में तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने बृहस्पतिवार को विरोध शुरू कर किया। एक समूह ने विवि के गेट नंबर एक पर धरना दिया। अन्य छात्रों ने कुलपति और प्रॉक्टर को लिखित ज्ञापन देकर छात्र को निलंबित और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में लिखा था कि छात्र ने न केवल बाबा साहेब का अपनाम किया है, बल्कि संविधान की मूल आत्मा, सामाजिक न्याय और समता पर हमला किया है। छात्र पर कानूनी कार्रवाई के साथ विश्वविद्यालय में आजीवन दाखिले पर रोक लगाई जाए। इसके बाद कुलानुशासक कार्यालय ने छात्र को निलंबित करने के साथ आशियाना थाने में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।