केजीएमयू की छात्रा ने डॉक्टर पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पीजीआई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय ने बताया कि दहेज में 50 लाख रुपये न देने पर मारपीट के आरोप की जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 21 फरवरी 2017 को पीड़िता की लालकुआं निवासी युवक से शादी हुई थी। वह आंख के अस्पताल में डॉक्टर है। पीड़िता के अनुसार दहेज में 10 लाख नकद, सोने-चांदी के जेवरात व अन्य घरेलू सामान दिया था।
शादी के चार दिन बाद ही पति उसे सोनीपत लेकर चला गया। वहां उससे गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। वह आंखों का अस्पताल खोलने के लिए मायके से 50 लाख रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगा। इस बीच पीड़िता को पता चला कि पति के कई महिलाओं से संबंध हैं।
इस बारे में पूछने पर उसने जमकर पिटाई की और मोबाइल तोड़ दिया। पीड़िता ने यह भी बताया कि पति उसकी निजी बातों को महिला मित्रों से साझा करता था।