लखनऊ। कोचिंग आते-जाते किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोपी कैसरबाग लालकुआं निवासी हमजा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि वह अपने दो दोस्तों के साथ कई दिनों से पीड़िता का पीछा कर उससे छेड़छाड़ कर रहा था।
इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि 17 वर्षीय छात्रा इंटर पास करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। आरोप है कि हमजा व उसके दो अज्ञात साथी कुछ दिनों से कोचिंग आते-जाते छात्रा का पीछा करते थे और छेड़छाड़ करते थे। रविवार सुबह कोचिंग से लौटते समय रास्ते में हमजा और उसके साथियों ने छात्रा से छेड़छाड़ की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसका हाथ पकड़ लिया और जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को सारी घटना बताई। छात्रा के पिता ने कैसरबाग थाने में हमजा व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। इंस्पेक्टर कैसरबाग ने बताया कि आरोपी हमजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ मौजूद दो अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।