लखनऊ। साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा से स्कूटी सवार ने छेड़छाड़ की। छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीर पहुंच गए। भीड़ देख आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने स्कूटी के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छात्रा के मुताबिक चार जुलाई को स्कूल जाते वक्त रायबरेली रोड पर किसान पथ के पास स्कूटी सवार युवक पीछा करने लगा। सुनसान जगह देखकर उसने उसकी साइकिल के आगे स्कूटी रोक दी और छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा जाने लगी तो उसे दोबारा रोक लिया।
इस पर छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीर ने आरोपी को दौड़ा लिया। खुद को घिरता देखकर युवक स्कूटी छोड़कर भाग निकला। छात्रा ने परिजनों को घटना बताई। इसके बाद स्कूटी नंबर के आधार पर केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गोमतीनगर के निजी अस्पताल में काम करने वाला सुशांत गोल्फ सिटी निवासी आजम है। उसे जेल भेज दिया गया।