लखनऊ विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को परीक्षा के दौरान एमए समाजशास्त्र के छात्र को परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। विवि में इस समय परीक्षा चल रही है। सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा सुरक्षा व्यवस्था का दावा भी किया जा रहा है।
इसके बावजूद उपद्रवियों ने पहले केमिस्ट्री विभाग में छात्र की पिटाई की। इससे उसका सिर फट गया। इसके बाद उसे दौड़ाते हुए टैगोर पुस्तकालय तक ले गए। इस दौरान परिसर में मौजूद किसी सुरक्षाकर्मी या प्रॉक्टोरियटल टीम ने उन्हें नहीं रोका।
पिटाई से छात्र बेहोश हो गया। टैगोर पुस्तकालय की उप-पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिश्रा ने फोन करके एंबुलेंस बुलाई। इसके बाद छात्र को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इंदिरानगर निवासी छात्र जयप्रकाश विवि में एमए अंतिम चतुर्थ सेमेस्टर का विद्यार्थी है।
पीड़ित छात्र जयप्रकाश
- फोटो : amar ujala
जयप्रकाश ने बतया कि बृहस्पतिवार को क्लास के बाद वह घर जा रहा था। उसकी गाड़ी गेट नंबर चार पर खड़ी थी। तभी कुछ युवकों ने उसे केमिस्ट्री विभाग के पास रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध जताया तो पीटना शुरू कर दिया।
उनमें से एक छात्र ने पत्थर मारकर सिर फोड़ दिया। जान बचाकर वह टैगोर पुस्तकालय की ओर भागा। वहां पर भी उसे जमकर पीटा। कुछ दूरी पर पीजी ब्लॉक और कॉमर्स ब्लॉक में परीक्षा की वजह से सुरक्षाकर्मी तैनात थे।
इसके बावजूद उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। छात्र ने बताया कि पार्किंग में खड़ी उसकी स्कूटी (यूपी 32 एचएच 1194) भी गायब है। शाम को प्रॉक्टर कार्यालय जाकर तहरीर दी है। वहीं, प्रॉक्टर ने आरोपियों की पहचान के लिए छात्र को शुक्रवार को बुलाया है।
छात्र के साथ गेट नंबर-चार के पास मारपीट हुई है। पीड़ित छात्र पिटाई करने वालों के नाम नहीं बता सका है। उसने मेडिकल से भी इन्कार कर दिया है। हालांकि उसने स्कूटी चोरी होने की तहरीर दी है। छात्र को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। पीजी के छात्रों के परिचय पत्र दिखाकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। - प्रो. विनोद सिंह प्रॉक्टर, लविवि