लखनऊ। ठाकुरगंज में सोमवार को मल्लाही टोला निवासी अमीषा पाल (22) ने फंदा लगा लिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उधर, गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर कैलाशपुरी में टिफिन सप्लायर सुमित कश्यप (24) ने खुदकुशी कर ली।
मल्लाही टोला निवासी अमीषा के भाई आकाश के मुताबिक 2011 में पिता तेजपाल की मौत हो चुकी है। मां ऊषा रेलवे में टेक्नीशियन हैं। अमीषा एमएससी में दाखिला लेने की तैयारी कर रही थी। सोमवार सुबह मां नौकरी पर निकल गईं और वह दूसरी बहन के साथ अस्पताल गए थे। दोपहर करीब एक बजे दूध देेने आए युवक ने घटना की जानकारी उन्हें दी। आकाश आनन-फानन घर पहुंचे और बहन को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह के मुताबिक तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगाी।
उधर, गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर कैलाशपुरी निवासी मनोज के मुताबिक भतीजा सुमित कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में था। शनिवार को भाभी रक्षाबंधन पर भतीजी के साथ मायके बहराइच गई थीं। घर पर वह अकेला था। मनोज ने बताया कि सोमवार दोपहर बेटी वर्षा खाना देने पहुंची तो सुमित के घर के बाहर पड़ोसियों की भीड़ दिखी। बेटी ने जब खिड़की से झांका तो सुमित का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी के मुताबिक काफी समय पहले सुमित के सिर पर चोट लग गई थी। इस कारण वह बीमार रहने लगा था। इसी के चलते वह तनाव में रहता था।