लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स रेजीडेंसी 2 निवासी एनआरआई डॉक्टर अरुणाभ राय ने ईरानी पत्नी शूका अरबी पर उनके छह वर्षीय बेटे रायान का अपहरण कर अपने साथ इंग्लैंड ले जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शूका घर से 20 लाख के जेवर भी उठा ले गई। सोमवार देर रात पुलिस आयुक्त के आदेश पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, चोरी और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
डॉक्टर के मुताबिक पत्नी का वीजा 16 जनवरी 2026 तक मान्य है। उनका आरोप है कि 30 जुलाई की रात 10:24 बजे शूका ने बेटे रायान का अपहरण कर लिया। आरोप है कि पत्नी ने घर से निकलने से पहले अलमारी में रखे 20 लाख के जेवर भी चुरा लिए। इसमें उसका साथ मानव तस्करी गैंग से जुड़े लोगों ने दिया है। आरोप है कि गैंग के सदस्यों के साथ उनकी पत्नी बेटे को लेकर सऊदी अरब में जेद्दाह के रास्ते इंग्लैंड के मैनचेस्टर एयरपोर्ट पहुंची है। आरोपी पत्नी ने सैंडबैक स्थित एक होटल में बेटे को बंधक बना कर रखा है। डॉक्टर न आशंका जताई है कि पत्नी ने चुराए गए गहनों को स्थानीय बाजार में बेचकर मिली रकम हवाले के जरिये यूके भेज दिए हैं। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक पति-पत्नी का कोर्ट में वाद चल रहा है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।